जिले में गंडक नदी से बाढ़ आने की आशंका आने को लेकर रेड अलर्ट घोषित कर दिया गया है। गंडक नदी के किनारे बसे गांवों के लोगों को घर छोड़कर सुरक्षित व ऊंचे स्थानों पर चले जाने का निर्देश दिया गया है। यह जानकारी डीएम अरशद अजीज ने कलेक्ट्रेट के सभागार में सोमवार की शाम आयोजित प्रेस वार्ता में दी। डीएम ने बताया कि पिछले सप्ताह भी वाल्मीकिनगर बराज से 3.39 लाख क्यूसेक पानी गंडक नदी में छोड़ा गया था।
अब फिर से बराज से 4.50 से लेकर पांच लाख क्यूसेक पानी छोड़ दिया गया। यह पानी मंगलवार की देर शाम तक गोपालगंज जिले तक पहुंच सकता है। जिससे कमजोर बांधों व छरकियों के टूटने की आशंका है। इसके अलावा नदी किनारे व बांधों व छरकियों के बीच बसे गांवों में भी काफी पानी फैलने की आशंका है। इसको लेकर बाढ़ प्रभावित सभी छह अंचलों के बीडीओ,सीओ व थानाध्यक्षों को 24 घंटे अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है। उक्त क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित व ऊंचे स्थानों या प्रशासन द्वारा बनाए गए शरण स्थलों पर चले जाने का निर्देश दिया गया है।
यही नही अधिकारियो के निर्देशानुसार अब वाल्मीकिनगर नगर समेत बगहा, बेतिया, गोपालगंज समेत और अन्य कई इलाको को हाई अलर्ट मोड पर रखा गया है| और लोगो को निर्देश भी जारी कर दिया गया है| अधिकारियों को उक्त जिम्मेदारी भी दी गयी है व जनप्रतिनिधियों से सहयोग करने का आग्रह किया गया है। वहीं जिला प्रशासन बाढ़ को लेकर पूरी तरह से सजग है। एनडीआरएफ की दो कंपनियां जिले में हैं और बाढ़ प्रभावित इलाकों में तैनात कर दी गयी हैं। कई जगहों पर छरकियां कमजोर हैं,इसको लेकर भी जरूरी कार्य किए जा रहे हैं। कमजोर स्थलों को चिन्हित कर लिया गया है।
Leave a Reply